Wednesday, July 7, 2021

पुरखों की यादों पर सांपों का पहरा।पलाश विश्वास

 हमारे पूरब घर और संगीत घर काले नागों के हवाले है

पलाश विश्वास


ये कच्चे घर 70 साल पुराने हैं। 70 साल बाद भी जस के तस।सिर्फ सन का छप्पर बदला है। 


मेरे ताउजी,ताईजी के घर।जो अब सांपों के डेरे है।जो कभी सामाजिक सांस्कृतिक हलचल के केंद्र थे।


कितनी आंधियों, बरसात, लू के थपेड़ों को सहकर भी मिट्टी की दीवारों वाले ये घर अभी सही सलामत हैं। सिर्फ सन के छप्पर बदल गए हैं और एस्बेस्टस की छत डाली गई हैं। हमारे बाकी घरों की जगह पक्की इमारतें बन गयी है। ताउजी ताई जी के एकमात्र बेटे अरुण के करीब चार दशक से दिल्ली में जाकर नौकरी करने की वजह से ये घर जस के तस बने हुए हैं।


यह हमारा,हमारे साझे परिवार का पूरब का घर है। एक घर उत्तर घर था। जहाँ मेरे चाचा डॉ सुधीर विश्वास रहते थे।उनके 60 के दशक में बहत बस जाने के बाद यह उत्तर घर हम बच्चों का डेरा बन गया। उत्तर घर के बगल में raanna घर था।  उससे सटे ढेकी घर।


पूरब घर के दक्षिण में यह छोटा सा घर संगीत घर था। इसी के सामने था चार छप्परों वाला कचहरी घर। 


जहां कोलकाता से आकर हमने घर बनाया ,उहाँ दो गोशालाएं थीं। और इसके ठीक उत्तर में क्वार्टर और हमारी झोपड़ी,जहां मां,पिताजी रहते थे। आंधियों के दौरान या भारी बरसात में यह भारी भरकम परिवार इसी क्वार्टर में आ जाता था।


तब बंगाली गांवों में सड़कें नहीं बनी थी। 

जंगल थे और जंगली जानवर भी थे।


हर गांव छोटी छोटी पहाड़ी नदियों से घिरा होता था। जिनमे हमेशा पानी होता था। 


खूब मछलियां होती थीं और चिड़िया भी खूब।


गांव आने जाने के लिए पगडंडिया थीं और खासतौर पर बरसात में तैरना जरूरी था।


 कीचड़ पानी से लथपथ था हमारा बचपन।


 महानगरों में यही कीचड़ पानी लेकर ही गया था,जिसमें हमेशा मेरे पैर तब भी घुटने तक धंसे होते थे,जब कारपोरेट अखबार वातानुकूलित दफ्तर से कम्प्यूटर नेटवर्क के जरिए निकलता था मैं। 


कुलीन भद्रलोक कभी नहीं बन सका।


दिनेशपुर मटकोटा रोड नहीं बना था। दिनेशपुर आने जाने के लिए दस गांवों के लोग काली नगर, उदयनगर, पंचाननपुर आदि के लोग हमारे घर से होकर आते जाते थे।इसलिये भी बचपन से हर गांव के लोग मुझे बेहद प्यार करते रहे हैं।


घर के बीचोबीच थे दो आम के पेड़।  

 घर के उत्तर और पूरब में थे सैकड़ों पेड़।


यह घर तब तराई में राजनीतिक,सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र था।


 घर में चूल्हे की आग कभी बुझती नहीं थी।


 चाय चौबीसों घण्टे बनती रहती थी। 


कभी भी खाना तैयार होता था।


हर साल बांग्ला आश्विन महीने की संक्रांति पर इसी पूरब के घर में गासी उत्सव नई फसल के लिए नवान्न की तर्ज पर मनाई  जाती थी।


 यह बसंतीपुर गांव का साझा उत्सव था। जैसे ललित गुसाई के घर में बारुनी मतुआ महोत्सव तराई भर के लोग मानते थे। 


मेरे दोस्त दिवंगत कृष्ण के चाचा के घर दोल होली पर और फिर चैत्र संक्रांति पर चड़क उत्सव मनाये जाते थे।


मेरे दूसरे दोस्त विवेक दास के पिता विष्णुपद दास वैष्णव थे। उनके घर अष्ट प्रहर नाम संकीर्तन होता था हर साल।


इन उत्सवों के सामूहिक चित्र इसी पूरब घर की कच्ची दीवारों पर फ्रेम में सजे थे। मेरी दादी शांति देवी, मेरे और सभी भाई बहनों की तस्वीरें भी। गांव को बसाने वाले सभी पुरखों की तस्वीरें थीं। इसके साथ पूर्वी बंगाल से ताईजी जो हाथ की कढ़ाई सिलाई की चीजें लाई थी ,वे भी इसी घर में सजी थी।


अचार के डब्बे, मुड़ी के तीन, सरसों की चटनी यानी कासुंदी के डब्बे भी इसी घर में होते थे।


बे तस्वीरे सबके सब उसी तरह नष्ट हो गई जैसे रोज लिखी पुलिनबाबू की डायरियां। 


हम कुछ भी नहीं सहेज सके।जमीन जायदाद भी नहीं। इसीलिये सजा बतौर मेरा अपना लिखा भी कुछ नहीं बचा और न बचेगा। इसीको पोएटिक जस्टिस कहते हैं।


ताउजी बसंतीपुर जात्रा पार्टी के संगीतकार थे। हारमोनियम तबला ढोल आदि वाद्य यंत्र भी इसी कमरे में थे। उत्तर घर के बरामदे पर बैठकर ताउजी हारमोनियम पर और चाचाजी तबले पर रेडियो के संगीत कार्यक्रमों की संगत करते थे। रेडियो का एरियल लम्बे बांस पर लगा होता था।


साहित्य और संगीत के पर्यावरण वाले साझा परिवार के हम बच्चे थे।


संगीत घर में रहते थे बिजनौर घसियाले के ब्रजेन मास्टर। जो बसन्तीपुर जात्रा पार्टी के लिए खास तौर पर बुलाये गए थे। जात्रा में सूत्रधार की तर्ज पर एक विवेकगयक होते थे। मनुष्यता के विवेक के प्रतीक। ब्रजेन बाबु वही विवेक गायक थे। बच्चों को संगीत सिखाते थे। 


ताउजी की बेटी मीरा दीदी,उनकी शादी के बाद वीणा और मेरे चचेरे भाई संगीत के बेहतर छात्र थे।लेकिन मेरा हाल पड़ोसन के सुनील दत्त का था।


मुझसे कभी सारेगामा नहीं सधा।फिर भी ताज्जुब की बात कि इस नालायक छात्र से ही ब्रजेन मास्टर को सबसे ज्यादा प्यार था। वे आखिरी समय देख नहीं सकते थे। दशकों बाद कोलकाता से बिजनौर जाने पर उनसे मिलने गया तो मेरी आवाज सुनते ही उन्होंने पुकार लिया,पलाश। 


संगीत न सीखने का मुझे बहुत अफसोस है।ब्रजेन मास्टर नाच भी सिखाते थे। बसंतीपुर की सबसे मशहूर प्रस्तुति बांगालिर दाबी में हिन्दू मुस्लिम आदिवासी एकता की थीम थी। दशकों तक यह नाटक खेला जाता रहा।इस जात्रा गान में संथाली नृत्य भी था।


फिर एक दिन साझा परिवार टूट गया।

संगीत घर ताईजी की रसोई बन गई।लेकिन उस रसोई में हम सारे बच्चे जमा होते थे।सुबह की चाय वही बनती थी। हम खाना वही खाते थे।


विवाह के बाद ताईजी ने ही सविता का स्वागत किया था।रस्म अदायगी की थी और पूरब के घर में ही उनका पहला के पड़ा था। न जाने किस किसके चरण चिन्ह इस पूरब के घर में हैं। संगीत भी हमेशा की तरह थम गया है।

 


हमारे घर में रात दिन आवाजाही रहती थी।लेकिन सुरक्षा का कोई अलग इंतजाम नही था। हमेशा घर में दो पालतू कुत्ते होते थे। इसके अलावा घर के चप्पे चप्पे पर जहरीले नागों का सख्त पहरा था।


पूरब घर तब भी जहरीले नागों का डेरा था। सैकड़ों की तादाद में वे आकर पूरब घर में जमा हो जाये थे। पूर्वी बंगाल से 1964 के दंगों के बाद ओडाकांदी से आ गयी थी ताईजी की मां प्रभावती देवी,हमारी दीदी मां। 


दादी और दीदी मां बिना घबराए पूरब घर में सफेद थान कपड़े से उनका स्वागत करती थी।उनके लिए दूध केले का भोग लगाया जाता था।


नियत वक्त पर सारे के सारे नाग बगीचों और खेतों में निकल जाते थे एक एक करके। 


वे घर के कोने कोने में कहीं भी कभीं भी मिल जाते थे।नल पर,रसोई में ,बिस्तर पर,मच्छर दानी में,खिड़की और दरवाजे में। 


तराई में सर्पदंश से मृत्यु आम है। 50 से 70 दशक में यह आम बात थी। लेकिन हमारे घर की सीमा में किसीकोनीं काले नागों ने नुकसान नहीं पहुंचाया।


 इन्हीं की वजह से हम सुरक्षित रहे।


अब पूरब घर और संगीत घर इन्ही काले नागों के हवाले हैं।

Tuesday, July 6, 2021

टूट गया भारतीय सिनेमा का आईना ।पलाश विश्वास

 टूट गया भारतीय समाज,सिनेमा और साहित्य का आईना

पलाश विश्वास




नहीं रहे हमारे प्रियतम अभिनेता दिलीप कुमार।सौ साल पूरे वे नहीं कर सके,अफसोस। फिरभी लम्बी ज़िन्दगी जी उन्होंने। वे भारतीय सिनेमा के आईना हैं अपनी कामयाबी और लोकप्रियता के पैमाने पर बहुत कम फिल्में की। लेकिन हर फिल्म भारतीय समाज और संस्कृति की सार्थके अभिव्यक्ति है।जिनके बिना भारतीय फिल्मों की चर्चा ही नहीं की जा सकती।


बिना चीखे चिल्लाए भावनाओं,वेदनाओं, सम्वेदनाओं और प्रेम की अभिव्यक्ति सेल्युलाइड की भाषा के मुताबिक करने वाले दिलीप कुमार को हमारा अंतिम प्रणाम।अफसोस कि उनके अवसान की यह खबर सच है।इससे पहले अफवाहें फैलती रही है।अबकी बार मृत्यु के इस खबर के झूठ बन जाने की कोई संभावना नहीं है।


मैंने और सविता जी ने उनकी कोई फ़िल्म मिस नहीं की। उनके अलावा स्मिता पाटिल, शबाना आज़मी,राज कपूर, शबाना आज़मी, उत्तम कुमार,सुचित्रा सेन,मीना कुमारी,मधुबाला और सुचित्रा सेन ,वैजयंती माला की कोई फ़िल्म हमने मिस नहीं की।ये तमाम लोग भारतीय फिल्मों के जीते जागते मानक हैं।


दिलीप कुमार को याद करते हुए देवदास की याद आती है। शरत के किसी पात्र को,साहित्य के किसी किरदार को इतनी संजीदगी से शायद ही और किसी ने जिया हो। 


 इसीतरह गौरकिशोर घोष के क्लासिक उपन्यास सगीना महतो हो या फिर मुगले आज़म के सलीम। उनके किरदार उनके साथ अमर हैं। जोगन,नया दौर,कोहिनूर,आदमी,यहूदी, गोपी कितनी फॉमें,कितने रंग।गंगा जमुना में ठेठ भोजपुरी में सम्वाद।


फिर विस्तार से लिखेंगे।

शहीदेआजम भगत सिंह की मां जिन पेड़ों के नीचे बैठी थी,हमारे वे पेड़ अब नहीं हैं।पलाश विश्वास

 पेड़ों की छांव में शरण 

मधुमती की तरह बहती थी मेरी दादी

वे दोनों आम के पेड़ नहीं रहे,जिनके नीचे बैठी थी शहीदेआजम भगत सिंह की मां और न जाने कितने खास लोग

पलाश विश्वास



करीब चार दशक के बाद आम के पेड़ों की छांव में शरण ली है। ये पेड़ मेरी ताई ने लगाए थे। ताईजी का निधन मेरे कोलकाता में जाने के सालभर के अंदर 1992 में हो गया था। चालीस साल के प्रवासी पत्रकार जीवन ने मुझे पेड़ों की छांव से बाहर कर दिया। बिना बिजली के जंगल के आदिम गन्ध और खेतों के कीचड़ पानी, हिमालय की गोद से बेदखल हो गया मैँ।जैसे हमारे लोग भारत विभाजन की त्रासदी में अपनी नदियों,खेतों,बगीचों और गांव से बेदखल हो गए थे।


बेदखली का सिलसिला कभी रुकता नहीं है। विस्थापन ही सफरनामा है ज़िन्दगी का।


मेरी दादी शांतिदेवी जैशोर जिले के नडाल के कुमोर डांगा गांव से तीन बेटों अनिल,पुलिन,सुधीर,बेटी सरला और मेरी ताई हेमलता,मां के साथ बसंतीपुर आयी थी। चाचा सुधीर की शादी नेताजीनगर की उषा के साथ हुई थी।


कुमोर डांगा पूर्वी बंगाल की बड़ी नदी मधुमती के किनारे बसा था।इस पार नडाल था तो नदी के उस पार् फरीदपुर का गोपालगंज का ओडाकांदी। हरिचंद गुरुचंद ठाकुर का घर।ताईजी इसी परिवार की बेटी थी। सविता जी का मायका भी ओडाकांदी में ही था।


हमारी दादी ने बहुत संघर्ष किये।दादाजी उमेश जी का निधन तब हुआ,जब वे कक्षा दो में पढ़ते थे। शरीको ने जमीन जायदाद हड़प ली।वे विभाजन के बाद बंगाल में ही बस गए। हमारे दादा चार भी थे जो जमींदारों के खिलाफ किसानों की लड़ाई के योद्धा थे।इस लड़ाई में घर की औरतें भी शामिल थीं।हरिचाँद गुरुचन्द की विरासत के साथ यह परिवार न जाने कहाँ कहाँ से गुजरकर ट्रैन में आकर जंगल को आबाद करके बस गया और दूसरों को भी बसाया।


पिताजी खाली हाथ,नंगे बदन नैनीताल की कड़ाके की सर्दी में विस्थापन और बेदखली के खिलाफ लड़ते रहे जीवनभर और हम वतानुकूलित महत्वाकांक्षाओं की बर्फीली दृवरों में कैद होते चले गए। मौसम और जलवायु के मामूली हेर फेर में हमारी जान निकल जाती है जबकि रीढ़ में कैंसर होने के बावजूद पिताजी की रीढ़ कभी झुकी नहीं।अपने मोर्चे पर आखिरी सांस तक लामबंद थे वे। हम तो भगोड़ा ही निकले।


पिताजी विभाजन से पहले बारासात के दत्त पुकुर में एक सिनेमाहाल में काम करते थे। ताउजी और चाचाजी पुलिस में थे। विभाजन के बाद दत्तपुकुर में परिवार एक जुट हुआ।फिर रानाघाट और कटक के चरबेटिया कैम्प होकर वे नैनिताल आ गए। बंगाल में शरणार्थी आंदोलन की वजह से वे ओडिशा के चरबेटिया कैम्प भेजे गए।वहां भी उनका आंदोलन नहीं थमा तो 1952 में तराई के जंगल में फेंक दिया।उन्होंने अपने जांबाज साथियों की मदद से इस जंगल को आबाद किया। 1954 और 1956 में शरणार्थी आंदोलनों का नेतृत्व किया। 1958 में ढिमरी ब्लॉक किसान विद्रोह के भी नेता थे।पुलिस ने पीटकर हाथ तोड़ दिया। घर की कुर्की जब्ती हुई। जेल गए। दस साल तक उनपर मुकदमा चला।


पूर्वी पाकिसयं जाकर भी वे भाषा आंदोलन में जेल गए,जहां से उन्हें छुड़ाकर लाये अमृत बाजार पत्रिका के सम्पादक तुषार कांति घोष।


देशभर के विस्थापितों पीड़ितों के लिए इन्हीं पेड़ों की छांव से ऊर्जा लेकर निकलते थे पुलिन बाबू।हमारी मां बसंती देवी,दादी शांति देवी और बुआ सरला देवी ने इन्हीं पेड़ों से एक दुर्जेय किले का निर्माण किया था। हमारी ताई हेमलता घर के मामले में सारे फैसले करती थीं।


हमारी दादी अनपढ़ थीं।लेकिन उन्होंने घर में सैकड़ो फलदार और औषधियों के पेड़ लगाए। उन्होंने नल पर कभी नहीं नहाया। बगल में एक। छोटी सी नदी थी,जो उनके लिए मधुमती थी।इसी नदी से एकात्म होकर 1970 तक वे जीती रहीं। मधुमती की तरह निर्बाध बहती रही। 


हमारे घर की पहचान घर के केंद्र में दो आम के पेड़ थे। जहां चौपाल लगती थी।जिसके चबूतरे  पर हम पढ़ते थे।पढ़ते पढ़ते सो जाते थे।पिताजी बाहर से आकर घर के अंदर ले जाते थे।


उन सैकड़ों पेड़ों में अब बीस भी नहीं बचे।

वे दोनों आम के पेड़ भी नहीं बचे,जिसके नीचे आकर बैठी थी शहीदे आजम भगत सिंह की मां 1969 में।


 कितने ही लोग एनडी तिवारी,श्याम लाल वर्मा,कैसी पन्त, क्रान्तिकारी मन्मथ गुप्त, बंगाल के कामरेड अशोक सेन और पिताजी के आंदोलनों के तमाम साथी,इस गांव और तराई को बसाने वाले लोगों की स्मृति से जुड़े दोनों पेड़ पक्के मकान की भेंट हो गए।बचपन की दुपहरी और शाम की सारी यादें फिर दफन हो गईं।


आज बिजली न आने की वजह से घर में तजिक न पाने की वजह से इन पेड़ों की छांव में लगता है कि बचपन लौट आया है। पड़ोस के दो बच्चे साथ हैं जिनके जरिये फिर बचपन की यात्रा में वापसी हो गयी। रोहित और दिशा इनके नाम हैं।

Monday, July 5, 2021

बिना मानसून देवभूमि नरक है।पलाश विश्वास

 बिना मानसून देवभूमि नरक है

पलाश विश्वास



शुभ सकाल। लगातार चौथी रात बिजली कटौती के कारण सो नहीं सके। बारिश न होने से खेतों को पानी चाहिए धन के लिए। बिजली के बिना सिंचाई अब होती नहीं।नदियां मार दी गईं।तालाब,कुंए और नहरें खत्म।


गर्मी बढ़ती जा रही है।बदल बरस नहीं रहे। जलवायु और मौसम की मार से न गांव बचेंगे न खेत।


कोलकाता से आने के बाद इतनी तकलीफ कभी नहीं हुई। मानसून के रूठ जाने से बिजली के भरोसे खेती कैसे होगी? जबकि गांव देहात में भी घर बाहर सारे काम बिजली से है। ऊपर से बिजली वालों की मनमानी।


बीमार और बजुर्गों की शामत है। सांस की तकलीफ वालों के लिए ये हालात बहुत मुश्किल है।


रात को सविता जी की सांसें उखड़ रही हैं।

घर से बाहर खुले में भी भयानक उमस है। मच्छर की वजह से टहल भी नही सकते।


कोरोना की तीसरी लहर के साथ सारी पुरानी महामारियां दस्तक दे रही हैं। हर बीमारी महामारी में तब्दील है।इसका जलवायु,मौसम और शहरी उपभोक्ता जीवन से गहरा नाता है।


गांव में अब न मिट्टी है न गोबर। न नीम और पीपल वट की छांव है। न जैव विविधता है। न चिड़िया हैं और न पालतू पशु।


गांव भी अब सीमेंट का जंगल है और बिजली रानी वह तोता है, जिसमें गांव के प्राण बसे हैं।


बिना मानसून देवभूमि पूरीतरह नरक है।

Sunday, July 4, 2021

किताबों के लिए नई दुल्हनों से दोस्ती, घर के ताले भी खोले

 जिस काकीमां के घर का ताला खोल कर उपन्यास पढता था बचपन में,वे नहीं रही


पलाश विश्वास


काकीमां का निधन हो गया। काकीमां यानी अवनी काका की पत्नी। करीब दो महीने बीत चुके। उनके बाद महीने भर पहले उनकी जेठानी तुलसी जी ने भी प्राण त्याग दिए। वे आंखों से देख नहीं सकती थीं,लेकिन जब कोरोना काल से पहले मैँ उनसे मिलने गया था रुद्रपुर ट्रांजिट कैम्प के उनके घर में,तब मेरी आवाज सुनकर बहुत खुश हो गयी थी।


भारत विभाजन की त्रासदी में अतुल काका और अवनी काका अकेले बसन्तीपुर आ पहुंचे थे। तुलसी काकी का शादी से प


हले परिवार में नाम दर्ज कराकर गांव के मातबर लोगों ने उनकी जमीन एलाट कराई थी।


 वे हमारे रिश्तेदार नहीं थे। गांव में हमारा और रणजीत के दो ही परिवार पूरे दिनेशपुर इलाके में जैशोर से आये परिवार रहे हैं। बसंतीपुर में बाकी परिवार खुलना और बरीशाल जिले से हैं। लेकिन विभाजनपीडित आंदोलनकारियों का यह गांव तब एक संयुक्त परिवार था। 


अवनी काका और अतुल काका हमारे साथ ही रहते थे। मेरे जन्म से पहले अतुल काका का विवाह हो गया और तुलसी काकी के आने के बाद हमारे क्वार्टर के साथ लगे क्वार्टर में ही बस गए।


अवनी काका का विवाह देवला दीदी,मीरा दीदी,विधु दादा की शादी के बाद 1961 में हुई। सबसे पहले देवला दीदी,फिर हमारी दीदी मीरा दीदी की शादी हुई। इन दोनों की शादी बचपन की मेरी पहली यादें है। 


विधुदा की शादी बंगाल में हुई।भाभी उनसे लम्बी थी,जिन्हें आज भी लम्बी भाभी कहा जाता है।


अवनी काका की शादी में पहली बार हम बाराती बने। करीब 5 किमी दूर आनँदखेड़ा दो नम्बर में गया बारात पैदल। दूल्हा शायद रिक्शे में थे।बाद में उसी रिक्शे में दुल्हन आयी।


 यह शायद नवम्बर या दिसम्बर महीने की बात थी। मुझे मेरे ताऊ जी ने एक काला कोट खरीदकर डियां था,जिसे मैं सर्दी हो या गर्मी या फिर वर्षा,हर मौसम में पहना करता था। वही कोट पहनकर में बारात गया। तब बारात के रातोंरात लौटने की प्रथा न थी। गांवों में पक्के मकान न थे। झोपडियो में बारातियों के ठहरने का इंतजाम न था। जाड़े की रात पुआल के ढेर में घुस कर बिताई। भोर तड़के काकी को लेकर हम पैदल गांव लौटे।


अवनी काका आठवीं तक पढ़े थे। दिनेशपुर में तब बंगाली उदवास्तु समिति संचालित स्कूल था,जो 1965 में जिला परिषद हाई स्कूल बना। समिति का स्कूल जूनियर हाई स्कूल था। आगे पढ़ने के लिए बाहर जाने की जरूरत थी,जिसके लिए पैसे नहीं थे।


 बसंतीपुर में तब बंगला प्राइमरी स्कूल था। बाहर से टीचर बुलाने की जरूरत पड़ती थी।


 मेरे चाचा डॉ सुधीर विश्वास पढ़ाते थे,लेकिन वे 1960 में असम चले गए।वहां बंगाली विस्थापितों के इलाज की कोई व्यवस्था नहीं थी। असम में 1960 के दंगों के दौरान डंगापीडितों की मदद के लिए वहां गए पिताजी ने चाचाजी को वहां भेज दिया।


 फिर बुजुर्ग हरि ढाली पढाने लगे। उनसे हमने पटरे पर गोल गोल बनाना सीखा। तब खड़िया मिट्टी से लिखना होता था। ओस पड़ती थी खूब,उसी पानी से पटरे को पोंछना होता था। हमारी बंगला पढ़ाई की यह शुरुआत इसतरह  हुई। 


फिर मैडम ख्रिष्टि, देवला दीदी और मीरा दीदी के साथ हम छोटी सी बरसाती नदी के पार चित्तरनजनपुर कन्या प्राइमरी स्कूल जा पहुंचे 1960 में। मैडम ख्रिष्टि का तबादला हुआ तो उन्होंने बसन्तीपुर के बच्चों को हरिदासपुर प्राइमरी स्कूल में पीताम्बर पन्त के हवाले कर दिया। इसी बीच देवला दी और मीरा दी की पांचवीं में पढ़ते हुए 1961 में शादी हो गई।


जब हम चित्तरजनपुर में आधी कक्षा के छात्र थे,तभी अवनी काका को बसंतीपुर स्कूल का अध्यापक बना दिया गया। पिताजी ने अवनी काका के आगे की पढ़ाई पर जोर दिया था। लेकिन  काका की दिलचस्पी टीचरी में थी।


इसी बीच 1961 में ही अवनी काका की शादी हो गयी। काकी बंगाल से सातवीं तक पढ़ी थी।उनके पास किताबों का खजाना था।


 उन दिनों तराई में बसे बंगालियों में भी बंगाल और बांग्लादेश की तरह शादी में बांग्ला उपन्यास या कबिता की पुस्तकें उपहार में देने का चलन था।


 नई दुल्हनों के पास पढ़ी लिखी हो या न हों, उपहार में मिले ऐसी पुस्तकों का खजाना होता था। हम इन सभी भाभियों,चाचियों के छोटे मोटे काम करके उनकी किताबों को पढ़ ही लिया करते थे।


काका गांव में सबसे पढ़े लिखे थे तो काकी भी पहली पीढ़ी लिखी बहु बन गई। उनकी शादी के बाद बसंतीपुर स्कूल सरकारी बना और काका को ट्रेनिंग के लिए भेज दिया गया।इस अवधि में काकी ने भी स्कूल चलाया।


अवनी काका लम्बे चौड़े कद काठी के थे। वे बसंतीपुर जात्रा पार्टी में रुआबदार राजा महाराजा,सुल्तान,बादशाह का रोल करते थे। उन्हें और हाजू साना के अभिनय का यह जलवा था कि दोनों को बॉम्बे में फ़िल्म में काम करने का प्रस्ताव भी मिला।लेकिन पैसे न होने के कारण वे नहीं गए।


दूसरी तीसरी कक्षा में आते न आते मुझे उपन्यास पढ़ने का चस्का लग गया था। शुरुआत बंगला साहित्य से हुई।सबसे पहले शरत चन्द्र का उपन्यास श्रीकांत से हुआ। फिर चाचाजी के सौजन्य से अंग्रेजी में गोर्की की मदर, पर्ल बक की गुड़ अर्थ,गलसवर्दी की ग्रोथ दी साइल, विक्टर ह्यूगो की हंच बैक ऑफ नोटरदाम, मार्क ट्वेन आदि के उपन्यास।


बचपन ऐसा था कि बिना पढ़े चैन  नहीं आता था। पढ़ने के लिए तब हम आग में भी कूदने को तैयार रहते थे।


ट्रेनिंग के दौरान अवनी काका बाहर थे और काकी अक्सर मायके में जाती थी। उनके पास शरत, बंकिम, समरेश बसु,आशापूर्ण देवी,विमल मित्र जैसों के उपन्यास थे।


पढ़ने के नशे में मैंने उनके घर का ताला साइकिल की सीक से खोलने लगा। एक एक किताब पढ़कर जहां की ठान रख देता था। कभी पकड़ा नहीं गया।


चाचा और चाची दोनों अब नहीं हैं। अवनी काका का तबादला ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर हो गया।  वे टीबी के मरीज बन गए और 1984 में गेठिया टीबी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। 


चाची चार लड़कों के साथ रुद्रपुर ट्रांजिट कैम्प में ही बस गयी। उनका बड़ा बेटा प्रताप भी पिता की तरह अध्यापक हैं ।बाकी तीनों भाई अपने अपने कामकाज में बिजी हैं।

Saturday, July 3, 2021

डीएसबी कालेज,मैँ और पिताजी पुलिन बाबू। पलाश विश्वास

 मेरे जीने से ज्यादा जरूरी है पुलिनबाबू का ज़िंदा रखना,उनके मिशन को जारी रखना


पलाश विश्वास



2001 के 12 जून को पिताजी पुलिनबाबू के अवसान के बाद में उनकी अधूरी ज़िन्दगी जी रहा हूँ। उस दिन से उनके अधूरे मिशन को अंजाम तक पहुंचाना ही मेरे जीवन का लक्ष्य है।


पिताजी जानते थे कि कक्षा दो की पढ़ाई के दम पर वे भले राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री,मुख्यमंत्री,केबिनेट सचिव,मुख्य सचिव,कमिश्नर,डीएम से बात कर लें लेकिन सत्ता वर्ग से टकराने के लिए जो शैक्षणिक पृष्ठभूमि की जरूरत है,वह उनके पास नहीं है।


यही से शुरू होता है मेरे डीएसबी का सफर,जो अभो खत्म नही हुआ।1979 में एमए पास करने के 42 साल बाद भी।


 मुझे पढ़ाने का उनका मकसद अकूत सम्पत्ति जमा करने के लिए समाज के शिखर पर जाकर बैठना नहीं था।


 वे चाहते थे कि उच्च शिक्षा को हथियार बनाकर मैँ, उनका बेटा उनकी दुनिया के लोगों की लड़ाई को अंजाम तक ले जाऊं।


इसकी तैयारी में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी। अक्षर पहचानते ही देश के कोने कोने से जहां भी वे पीड़ितों,दलितों,अल्पसंख्यकों,शरणार्थियों,विस्थापितों, किसानों,मजदूरों की लड़ाई में शामिल लोगों के साथ खड़े होते थे ,सत्ता से उनके हक हकूक के तमाम दस्तावेज मुझसे तैयार करवाते थे। 


रोज़ बंगला,अंग्रेज़ी और हिंदी के अखबारों के संपादकीय और इसके साथ दुनियाभर के क्लासिक साहित्य पढ़वाते थे।सिर्फ मेरे लिए साहित्य खरीदने के लिए हर साल कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट जा पहुंचते थे।मेरे लिए कोलकाता से दैनिक वसुमती और साप्ताहिक देश पत्रिका मंगवाते थे डाक से।


यही नहीं, जहां कहीं वे जाते थे ,चाहे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या राष्ट्रपति से मुलाकात का मौका हो या गांव में पंचायत का मामला हो,हर कहीं मुझे लेकर चलते थे।


 तराई का कोई बुक्सा,बंगाली,सिख,रायसिख,पहाड़ी, देशी,पुरबिया या मुस्लिम गांव हो,जहां भी,जिस घर में भी  जाते स्कूल में दाखिले से पहले से वे मुझे लेकर जाते थे। मैन हर गांव के हर घर का कहना खाया है और उन सभीकी बेपनाह मुहब्बत मेरी ज़िंदगी की पूंजी है।उपलब्धि भी। 


 तब गांवों के झगड़े फसाद पंचायत में निबटाये जाते थे।


 पुलिस और अदालत के चक्कर काटने के बजाय तराई के किसान पंचायत से ही न्याय की उम्मीद करते थे। ऐसी पंचायत लम्बी चलती थी।


 पिताजी मामले का निपटारा न होने तक पंचायत से उठते न थे। चाहे तीन दिन लगे या सात दिन।ऐसी तमाम पंचायतों में मुझे वे साथ लेकर चलते थे।


कहते थे,ये मेरे अपने लोग हैं।जिनके काम में दूसरों के लिए ताल नहीं सकता।इनकी लड़ाई मुझे ही लड़नी है। मुझमें योग्यता न हो तो यह काम न करने का बहाना नहीं हो सकता।मुझे अपने लोगों से मुहब्बत है तो हर काबिलियत,हुनर मुझे हासिल करनी ही होगी।


 वे बंगला,अंग्रेजी, हिंदी,असमिया,उड़िया और मराठी तो पढ़ लेते थे। बस,ट्रैन या घर,जमीन कहीं भी होते,अपने झोले से किताब,पत्रिका या अखबार निकालकर पढ़ते रहते। हम झाने भी रहे,वे अक्सर पहुंच जाते थे। रुकते नहीं थे।


कहीं से कहीं निकल जाते थे।बिना पासपोर्ट वीसा के बांग्लादेश भी।किताबों,पत्रिकाओं और अखबारों के साथ।बिना रुपये पैसे के।कहते थे,सड़क पर उतर जाओ तो न रुपये पैसे की जरूरत होती है और न खाने पीने रहने की कोई दिक्कत।


सड़क पर उतरने का कलेजा होना चाहिए। उनके पास यह कलेजा था।मेरे पास नहीं है।


नतीजा यह हुआ कि प्राइमरी पास करते न करते देश भर की समस्याओं की जानकारी मुझे हो गयी। तराई के घर घर में मेरा आना जाना शुरू हो गया।


यह 1963 की बात थी। 1958 के ढिमरी ब्लॉक किसान विद्रोह के सिलसिले में उनके और उनके तमाम कम्युनिस्ट साथियों के खिलाफ मुकदमे चल रहे थे।


 नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सुनवाई थी। पिताजी मुझे अपने साथ ले गए। उनके साथी और आन्दोलन के नेता हरीश dhaundhiyaal वकील थे। तल्लीताल में उनका एक घर था। वहीं ठहरे। 


नैनीताल को पहलीबार देखते ही मुझे उससे बेपनाह मुहब्बत हो गई।


कचहरी में सुनवाई के बाद पिताजी मुझे सीधे राजभवन के रास्ते डीएसबी कालेज ले गये।कालेज को अंदर से दिखाया और कहा कि इसी कालेज में तुम्हे पढ़ना है। मैंने भी उसी क्षण तय कर लिया कि यहां जरूर पढ़ना है।


दिनेशपुर में जिला परिषद का स्कूल था। हाईस्कूल में मेरे पास विज्ञान जीव विज्ञान थे। तब हाई स्कूल यूपी बोर्ड में कला,विज्ञान और वाणिज्य के संकाय अलग अलग हुए करते थे। स्कूल में सभी विषयों के टीचर नहीं होते थे।


 इलाके में पढ़े लिखे लोग न थे। गांव में  मैंने ही पहलीबार हाईस्कूल पास की तो ट्यूशन कोचिंग का सवाल ही न था।ऊपर से खेती के काम को प्राथमिकता थी।


1968 में पीलीभीत के गोबियासराय से आये संतोष दास इस स्कूल से पहले फर्स्ट क्लास हुए।इसके पास साल बाद 1973 में दिनेशपुर इलाके का पहला छात्र था में,जिसे हाई स्कूल में प्रथम श्रेणी मिली। इसीके साथ पूरी तराई की जनता की उम्मीदें मुझमें केंद्रित हो गई,लेकिन मैं उनके लिए अभीतक कुछ नहीं कर सका।


स्वतंत्रता सेनानी बसन्त बनर्जी पिताजी के मित्र थे और उनके पुस्तकालय की सारी किताबें मेरी थी। शहीद मनींद्र नाथ बनर्जी के भाई थे वे और उनका पुश्तैनी घर बनारस में था। वे चाहते थे कि मैं उनके घर रहकर इंटर बनारस से करूँ और काशी विश्वविद्यालय का छात्र बन जाऊं।


मैंने सिरे से मना कर दिया। सीधे जीआईसी पहुंचकर डीएसबी कैम्पस में पहुंच गया।


मेरे पेशे के तौर पर पत्रकार बनने से और बाद में इंडियन एक्सप्रेस समूह से कोलकाता के पत्रकार बनने से पिताजी को बहुत उम्मीद थी कि उनके लोगों की लडाई में में आगे रहूंगा। लेकिन उनके निधन से पहले ऐसा कुछ नहीं हो सका। 


मैं साहित्यकार होने की खुशफहमी में जी रहा था। 


उनके निधन के बाद देशभर में जिनके लिए वे कैंसर से जूझते हुए आखिरी सांस तक लड़ते रहे,वे तमाम लोग अपने अपने संकट में मुझे पुकारते रहे। 


मेरे लिए साहित्य और पत्रकारिता की महत्वाकांक्षा का त्याग करके  विशुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता बनने के सिवाय कोई दूसरा चारा नहीं था।


तब से मुझे लगा कि भले मैं मर जाऊं, पुलिन बाबू को हर सूरत में जिंदा रखने की जरूरत है। उनके साथी और उनके समय के सभी लोगों को शिकायत रही है कि उनकी लड़ाई आगे बढाने में मेरी कोई भूमिका नहीं है।


2001 से इस शिकायत को दूर करने की तैयारी कर रहा हूँ। मेरे गुरुजी ताराचन्द्र त्रिपाठी भी कहा करते थे कि अपने लोगों के हक हकूक के लिए तुम्हें सत्ता से टकराना होगा। जीआईसी के बाद डीएसबी में भी वे हमारे पथ प्रदर्शक रहे हैं।


देरी से ही सही, आखिरकार पिताजी और गुरुजी के दिखाए रास्ते पर चल रहा हूँ और मेरे इस सफर की शरुआत फिर उसी डीएसबी कैम्पस से है।

मानसून के बादल क्या बांझ हो गए? जलवायु परिवर्तन से दरें।पलाश विश्वास

 मानसून के बादल भी क्या बांझ होने लगे हैं?

नवजात शिशुओं के लिए कितनी सुरक्षित है पृथ्वी?

पलाश विश्वास


जलवायु परिवर्तन का जलवा,अमेरिका और कनाडा में भी 49 डिग्री सेल्सियस तापमान और लू से मर रहे लोग। पूर्वी अमेरिका के रेगिस्तान और कनाडा के पठारी पहाड़ी इलाकों में भी इतनी गर्मी अभूतपूर्व है।


सात सात पृथ्वी के संसाधन हड़पने के बाद पूरे अंतरिक्ष को उपनिवेश बनाने वाले महाशक्तिमान के कार्बन उत्सर्जन की यह परमाणु ऊर्जा है।


मानसून के बादल भी क्या बांझ होने लगे हैं?


हिमालय के रोम रोम में एटीएम बम के धमाके कैद हैं और मानसून के बादल भी बरस नहीं रहे हैं।


हिमालय और हिन्द महासागर के मध्य गंगा यमुना, सिंधु रवि व्यास सतलज और ब्रह्मपुत्र के हरे भरे मैदानों की हरियाली छीजती जा रही है।


 ग्लेशियर पिघल रहे हैं। 

तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।

मानसरोवर भी फट जाएगा किसी दिन।

देवलोक से शुरू होगा महाप्रलय।


कैलास पर्वत के साथ पिघल जाएगा एवरेस्ट भी।


मानसून की घोषणा के बाद बरसात गायब है। जब आएगी बरसात तो कहर बरपा देगी।


कोरोना खत्म नहीं हुआ। बिना इलाज के मरने को अभिशप्त देश में कोरोना क्या,हर बीमारी महामारी है।

हिमालय की तबाही के साथ इस झुलसने वाले जलवायु में मैदानों के रेगिस्तान बनने पर हम कैसे जी सकेंगे?


प्रेरणा अंशु के जुलाई अंक में हमने अपनी बात में इस पर थोड़ी चर्चा की है। आगे गम्भीर चिंतन मनन और पर्यावरण एक्टिविज्म की जरूरत होगी रोज़मर्रे की ज़िंदगी में मौत का मुकाबला करते हुए।


घर में बादल उमड़ घुमद रहे हैं।बिजलिया चमक रही है।

बिजली गुल है। उमस के मारे में घने अंधेरे में नींद भी नहीं आती। फिलहाल हवा कभी तेज़ है तो कभी पत्ती भी हिलती नहीं है।


मानसून के बादल भी क्या बांझ होने लगे हैं?


प्रकृति किस तरह बनाएगी संतुलन?


नवजात शिशुओं के लिए कितनी सुरक्षित है पृथ्वी?


न्यूय्यार्क से 

Partha Banerjee 

ने लिखा है

*कृपया इस चर्चा को शुरू करें।* -- यह न्यूयॉर्क में गर्मियों के मध्य का समय है। मैंने जून में इतना अधिक तापमान कभी नहीं देखा। सौ डिग्री फारेनहाइट के आसपास। लॉस एंजिलिस, मायामी, टेक्सास- इन जगहों पर लोग ज्वल रहे हैं। एक बार, जून में, मैंने खुद को देखने के लिए एरिज़ोना रेगिस्तान के माध्यम से मेक्सिको के लिए एक मानवाधिकार ग्रुप के साथ यात्रा की। आज से पन्द्र्ह साल पहले। वह तब होता है 115 डिग्री। पानी नहीं है। बस जीने की चाहत रखने वाले गरीब लोगों के अवशेष यहां-वहां पाए जा सकते हैं। जलवायु आपदा बहुत तेजी से हो रही है। वैज्ञानिक भविष्यवाणी कर रहे हैं कि अगर हमने अभी घड़ी नहीं घुमाई तो मानव सभ्यता सिर्फ एक सदी में खत्म हो जाएगी। उस चेतावनी का सम्मान करते हुए दुनिया के विभिन्न देश देश को बचाने के लिए काम कर रहे हैं। एक तरफ डेनमार्क या जर्मनी जैसे अमीर देश हैं, रवांडा या बोलीविया जैसे गरीब देश हैं। लेकिन भारत, बांग्लादेश, ब्राजील और अमेरिका में अधिकांश आम लोगों के लिए विज्ञान एक महत्वपूर्ण विषय नहीं है। बहुत कट्टरता और प्रागैतिहासिक मानसिकता है। मीडिया में इस भयानक कोरोना संकट के बाद भी पर्यावरण या स्वास्थ्य-चिकित्सा मुद्दों पर ज्यादा वैज्ञानिक चर्चा नहीं हो रही है। भारत में चक्रवात और बाढ़ ने ऐतिहासिक रूप ले लिया है। दूसरी ओर जल संकट अकल्पनीय है। अमेरिका के बड़े क्षेत्रों में अब फसलों के उत्पादन के लिए तापमान नहीं है। भयंकर सूखे के कारण विशाल क्षेत्र ज्वल  रहे हैं। मुख्यधारा की राजनीति में कोई चर्चा नहीं होती। लोग नफरत, झूठ और सस्ते मनोरंजन में डूब रहे हैं। कट्टर देशभक्ति में आंखें बंद कर ली हैं।